बोकारो:
अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बेरमो थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.020 टन अवैध कोयला और 8 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। यह कार्रवाई भारत सरकार द्वारा एमएमडीआर (खनिज एवं खनिज विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत मिले नए अधिकारों के बाद की गई, जिसमें सीआईएसएफ अब अवैध कोयले को सीधे जब्त कर कानूनी कार्रवाई करने में सक्षम है।
सीसीएल करगली यूनिट के कमांडेंट राज प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पहली छापेमारी ढोरी एरिया के भंडारीदाह रेलवे साइडिंग में की गई। यहां मोटरसाइकिलों के माध्यम से अवैध कोयला परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने 2.600 टन अवैध कोयला और 8 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। इनमें दो मोटरसाइकिलें पंजीकृत थीं, जबकि छह बिना नंबर प्लेट की पाई गईं। जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चंद्रपुरा थाना को सौंप दिया गया।
इसके बाद सीआईएसएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर फुसरो बाजार के रानीबाग क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई की। यहां जेसीबी और अन्य वाहनों की सहायता से छापेमारी कर 6.420 टन अवैध रूप से जमा किया गया कोयला बरामद किया गया। दोनों अभियानों में कुल 9.020 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि एमएमडीआर एक्ट के तहत मिले अधिकारों के बाद करगली क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। अब जब्त कोयले और अन्य सामग्रियों को एमएमडीआर एक्ट की धारा-21 के तहत संबंधित थाना को सौंपकर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
कमांडेंट राज प्रताप सिंह ने कहा कि कोयला देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संपदा है, जिसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सीआईएसएफ की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
















