गिरिडीह: जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सोमवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराहमोरिया गांव में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने किया।
यह कार्रवाई 24 जून को हुई पूर्व छापेमारी की अनुवर्ती कार्रवाई के तहत की गई। संयुक्त टीम ने गांव के विभिन्न घरों और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। इस दौरान करीब 4000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा आपूर्ति के लिए तैयार करीब 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब भी जब्त कर नष्ट की गई।
छापेमारी की सूचना मिलते ही अवैध कारोबार से जुड़े कई लोग मौके से फरार हो गए। प्रशासन ने फरार आरोपियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम एवं पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार ने किया। अभियान में पुलिस सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, राधेश्याम झा, पुलिस बल तथा गृह रक्षक बल के जवान भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
















