झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां फूड पॉइजनिंग के कारण एक 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक ग्रामीण बीमार पड़ गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सदर प्रखंड के लेदा-बजटो गांव में शनिवार शाम कुछ ग्रामीणों ने एक ठेले वाले से गुपचुप-छोला और चाट खाई थी। इसके कुछ ही घंटों बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद सभी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया।
इसी दौरान 6 वर्षीय मासूम रंजन कुमार की हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बीमार पड़े 20 से अधिक लोगों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
फिलहाल प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में लाने में जुटा है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सड़क किनारे मिलने वाले असुरक्षित खाद्य पदार्थों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें:-Dhanbad Hirapur Theft Case: 6 बड़े खुलासे, बंद घर से लाखों के गहने और कैश चोरी














