गिरिडीह : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत गिरिडीह नगर निगम के वार्ड संख्या 29 में मतदाता सत्यापन अभियान को गति दी गई। बीएलओ टीम ने वार्ड के पांच बूथों पर घर-घर जाकर मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया तथा आवश्यक प्रपत्र एकत्रित किए। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपने दस्तावेज जमा कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी की।
अभियान में वार्ड पार्षद दीपक यादव और समाजसेवी दिनेश प्रसाद यादव ने सक्रिय भागीदारी निभाई। दोनों ने बूथों का निरीक्षण कर मतदाताओं से समय पर सत्यापन कराने की अपील की।
वार्ड पार्षद दीपक यादव ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सत्यापन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं समाजसेवी दिनेश प्रसाद यादव ने भी मतदाताओं को जागरूक करते हुए पात्र नागरिकों से सत्यापन अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है।
अभियान के दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं, बीएलओ, स्वयंसेवकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मिलकर मतदाताओं की सहायता की। प्रशासन की ओर से बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका अनीता देवी, बीएलओ पुष्पा देवी, रंजना कुमारी, माधुरी देवी, वॉलंटियर नदीम परवेज, विधानसभा SIR प्रभारी डॉ. संजय, नगर अध्यक्ष सिंकू सिंहा, विनय कुमार सिंह, संतोष, विशाल यादव, सुरेश मंडल, देवराज सहित कई लोग मौजूद रहे।
















