रांची : झारखंड में अगले 72 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासकर दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र रांची के अनुसार 18 मई से राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है।
इन जिलों में ज्यादा असर
खूंटी, गुमला समेत दक्षिणी झारखंड के इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं धनबाद, बोकारो, रामगढ़, लोहरदगा और आसपास के जिलों में भी बारिश के साथ तेज आंधी और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
कुछ जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक हजारीबाग और कोडरमा समेत उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। हालांकि तापमान में अगले पांच दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
- 19 मई : उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़ अधिकांश जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना।
- 20 मई : पूर्वी और मध्य झारखंड के कई इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
- कई जगहों पर गर्जन के साथ बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।














