Dhanbad : आईआईटी-आईएसएम धनबाद में भारतीय शास्त्रीय संगीत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष लेक्चर-डेमोंस्ट्रेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। 31 अगस्त को पेनमैन ऑडिटोरियम में हुए इस आयोजन में छात्रों को हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की परंपरा, शैली और इसकी बारीकियों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन SPIC MACAY के सहयोग से किया गया। इस दौरान प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक रितेश मिश्रा और रजनीश मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को संगीतमय बना दिया। दोनों कलाकार पद्म भूषण पंडित राजन मिश्रा और पद्म श्री पंडित साजन मिश्रा के पुत्र हैं।
प्रस्तुति के दौरान सुमित मिश्रा ने हारमोनियम और कौशिक कुवार ने तबले पर संगत की। कलाकारों ने गायन के साथ विद्यार्थियों को शास्त्रीय संगीत की विभिन्न तकनीकों और इसकी सांस्कृतिक विरासत के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में IIT-ISM के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. शरत कुमार दास और प्रो. संजय मंडल सहित संस्थान के छात्र-छात्राएं एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रो. शरत कुमार दास ने रितेश मिश्रा और रजनीश मिश्रा को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को करीब से समझने और उसकी गहराई से परिचित होने का अवसर मिला।
















