धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के पर्यावरण विज्ञान एवं अभियांत्रिकी (ESE) विभाग स्थित ईआईएसीपी प्रोग्राम सेंटर द्वारा मंगलवार को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा राष्ट्रीय जल मिशन, जल शक्ति मंत्रालय के #CatchTheRain अभियान के तहत “वर्षा जल संचयन एवं भूजल पुनर्भरण” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, लोवादीह के लगभग 60 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जल संसाधनों के सतत प्रबंधन के महत्व से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत ईआईएसीपी सेंटर के प्रोग्राम ऑफिसर बिश्वजीत दास के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए सभी से पानी बचाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इसके बाद पर्यावरण विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के प्रो. तिनेश पठानिया ने वर्षा जल संचयन की आधुनिक तकनीकों, भूजल पुनर्भरण के उपायों और भविष्य की जल सुरक्षा में समाज की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) के तहत पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया। ईआईएसीपी सेंटर की डॉ. अवंतिका चंद्रा ने प्रतिभागियों को मिशन लाइफ की शपथ दिलाई।
विद्यार्थियों को आईआईटी (आईएसएम) परिसर में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्होंने इसकी कार्यप्रणाली और भूजल संरक्षण में इसकी उपयोगिता को नजदीक से समझा।
समापन सत्र में प्रो. सुरेश पांडियन ने जल संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और समाज में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
















