झरिया : लगातार बिजली कटौती, बीसीसीएल कॉलोनियों में नियमित बिजली आपूर्ति और अन्य मांगों को लेकर डिगवाडीह में आंदोलन शुरू हो गया है। बिहार कोलियरी कामगार यूनियन (BCKU) के बैनर तले और निरसा विधायक अरूप चटर्जी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने डिगवाडीह सब-स्टेशन का घेराव किया। इसके बाद ईजे एरिया महाप्रबंधक कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया।
आंदोलनकारियों का कहना है कि बीसीसीएल की विभिन्न कॉलोनियों में अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण स्थानीय लोगों के साथ विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की।
इसके अलावा निर्माणाधीन आरएसपी कॉलेज के कार्य में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही।
धरने में सुहानी देवी के परिजनों को नियोजन और उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल के लिए अधिग्रहित जमीन के वास्तविक हकदार परिवार को अब तक उसका उचित लाभ नहीं मिला है। उन्होंने मामले की जांच कर पात्र परिवार को नियोजन और वर्तमान दर के अनुसार मुआवजा देने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से ठोस पहल होने तक महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक मौजूद रहे।
















