झरिया : भौरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत कालीमेला स्थित दामोदर नदी श्मशान घाट के यात्री शेड में एक अज्ञात व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने के बाद भौरा ओपी प्रभारी सौरभ सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, जोड़ापोखर बस्ती के कुछ लोग दाह संस्कार के लिए दामोदर नदी घाट पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर यात्री शेड में पड़े शव पर पड़ी। शव को देखते ही लोगों के होश उड़ गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि पूरा क्षेत्र खून से लथपथ था। वहीं घटनास्थल से एक पैशन प्लस मोटरसाइकिल और उसकी चाबी भी बरामद की गई है। पुलिस को एक धारदार हथियार भी मिला है, जिसे कागज में लपेटकर रखा गया था।
मृतक के पास से चिकन चिल्ली, भुजिया, माचिस और चप्पल भी बरामद किए गए हैं। मृतक ने चेक शर्ट और कॉफी रंग की पैंट पहन रखी थी। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मोटरसाइकिल और अन्य बरामद सामान के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है। घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
















