रांची : झारखंड में 30 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बौछारों को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
अगले 24 घंटे के दौरान गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, खूंटी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, चतरा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज और कोडरमा के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कोल्हान और दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में अच्छी बारिश हो रही है। वहीं, उत्तरी हिस्सों के कुछ जिलों में मानसून कमजोर बना हुआ है।
राज्य में अब तक कुल 679.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 759.1 मिमी है। यानी इस सीजन में राज्य में बारिश सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
















