धनबाद: बलियापुर प्रखंड के शिवपुर गांव में 24 जून को झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक बेगु ठाकुर ने की। इस दौरान बांग्ला भाषा, संस्कृति और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति की केंद्रीय सचिव रेखा मंडल ने कहा कि बांग्लाभाषी समाज को अपने अधिकारों, भाषा और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई और झारखंड आंदोलन में बांग्लाभाषी समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।
रेखा मंडल ने कहा कि झारखंड में बड़ी संख्या में बांग्लाभाषी समुदाय के लोग निवास करते हैं और समाज के विभिन्न वर्गों का राज्य के विकास में योगदान रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर अपने सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक हितों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भाषा के संरक्षण, शिक्षा में बांग्ला भाषा को बढ़ावा देने तथा समाज के विभिन्न मुद्दों पर आगे की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में संस्थापक बेगु ठाकुर के अलावा मोसमी मुखर्जी, सोमित्रा मुखर्जी, भारती मुखर्जी, झुमा मुखर्जी, बरनाली मुखर्जी, मोमिता जज कुमार और गोविंदो ठाकुर सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
















