रांची:भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के 16 जिलों के लिए भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य में मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे कई इलाकों में जोरदार बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, गुमला, रांची, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई स्थानों पर 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 67.4 मिमी वर्षा पलामू में रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान लगभग 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा किसानों को मौसम की जानकारी के अनुसार खेती संबंधी कार्य करने की सलाह दी है।
















