धनबाद: लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट हॉस्पिटल, धनबाद में बुधवार को झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने की। बैठक में राज्य में संचालित 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं, श्रमिक अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया, श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले अधिकार, न्यूनतम वेतन, भविष्य निधि (पीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), अवकाश, बोनस तथा अन्य वैधानिक सुविधाओं को सुनिश्चित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कई कर्मचारियों को अभी भी श्रम कानूनों के अनुसार मिलने वाली सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
बैठक के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। संघ ने राज्य सरकार से मांग की कि 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन के लिए भविष्य में चयनित होने वाली किसी भी नई संस्था की वित्तीय, तकनीकी और प्रशासनिक क्षमता की गहन जांच की जाए।
संघ ने कहा कि नई सेवा प्रदाता संस्था का चयन करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि वह श्रम कानूनों और सरकार द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन करने में सक्षम हो तथा कर्मचारियों को पीएफ, ईएसआई, न्यूनतम वेतन और अन्य वैधानिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराए।
बैठक में कर्मचारियों ने यह भी मांग उठाई कि नई एजेंसी के चयन में कर्मचारियों के हितों और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का शोषण न हो और राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।
एक प्रमुख मुद्दे के रूप में अप्रैल 2026 से लंबित वेतन भुगतान का विषय भी बैठक में उठाया गया। इस संबंध में संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। हालांकि कर्मचारियों को वेतन भुगतान की संभावित तिथि के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
संघ ने मांग की कि 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का लंबित वेतन अविलंब जारी किया जाए और भविष्य में वेतन भुगतान में देरी न हो, इसके लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
बैठक में धनबाद जिला सचिव रविंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष मेनन कुमार, सह सचिव पिंकू कुमार महतो, संगठन मंत्री सुखवीर उरांव, कोषाध्यक्ष राहुल कुमार, उपकोषाध्यक्ष सुरेंद्र महतो सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















