धनबाद: धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) के लिए गर्व का क्षण है। झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग के लिए आयोजित खिलाड़ियों की नीलामी में धनबाद के आठ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों में चयन हुआ है। इस उपलब्धि से जिले के क्रिकेट जगत में उत्साह और खुशी का माहौल है।
चयनित खिलाड़ियों में कुनैन कुरैशी, श्रेष्ठ, राहुल प्रसाद, अनुराग सिंह सेंगर, प्रतीक रंजन, सिद्धार्थ सिन्हा, युवराज सिंह और आर्यमन लाला शामिल हैं। इन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रतिभा को देखते हुए विभिन्न टीमों ने उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाया है।
डीसीए के सचिव विनय कुमार सिंह ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह धनबाद क्रिकेट के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है कि उन्हें राज्य की प्रतिष्ठित टी-20 लीग में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन हमेशा खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहा है। उम्मीद है कि सभी चयनित खिलाड़ी लीग में शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
इस उपलब्धि पर डीसीए के उत्तम विश्वास, साधवेंद्र सिंह, ललित जगनानी, जावेद खान, संजीव झा, रविजीत सिंह डांग, सुनील सिंह, रियाज खान, संजीव राणा, अभिजीत घोष, बी.एच. खान, सुनील कुमार, संतनु चौधरी, सुधीर कुमार पाण्डेय, प्रमोद सिंह, बब्लू पाण्डेय, बब्लू उपाध्याय और द्वारिका तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं क्रिकेट प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
धनबाद के आठ खिलाड़ियों का झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग में चयन जिले में मौजूद क्रिकेट प्रतिभाओं का प्रमाण है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी अपने दमदार प्रदर्शन से धनबाद और झारखंड का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।














