धनबाद: मानसून के दौरान शहर में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए धनबाद नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेयर संजीव सिंह ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जलनिकासी व्यवस्था, नालों की सफाई और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में जलजमाव की स्थिति का आकलन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि फिलहाल जलनिकासी से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही नियमित रूप से नालों की सफाई, जल निकासी मार्गों की निगरानी और प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए डी-वाटरिंग मशीनों की खरीद प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने पर भी चर्चा हुई। नगर निगम के अनुसार, इस प्रस्ताव को पूर्व में बोर्ड की स्वीकृति मिल चुकी है और अब इसे जल्द अमल में लाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।
मेयर संजीव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन इलाकों में हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि अल्पकालिक उपायों के साथ-साथ स्थायी समाधान की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों को जलजमाव से राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि जलनिकासी कार्यों में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि जलनिकासी व्यवस्था को बाधित करने वाली गतिविधियों से बचें तथा जलभराव या नालों से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
















