धनबाद/झरिया: कतरास मोड़ स्थित जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दो नेताओं की संगठन में पुनः वापसी कराई गई। इस दौरान केडी 10/12 पिट कोलियरी के पूर्व शाखा सचिव रामचंद्र सिंह और किशोरी साव ने दोबारा संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में संगठन के महामंत्री अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने दोनों नेताओं का माला पहनाकर स्वागत किया और संगठन में शामिल होने पर शुभकामनाएं दीं।
रामचंद्र सिंह ने बताया कि वे लंबे समय तक संगठन से जुड़े रहे हैं। कुछ परिस्थितियों के कारण उन्होंने संगठन छोड़ा था, लेकिन अब पुनः संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया है। वहीं किशोरी साव ने भी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
महामंत्री अभिषेक सिंह ने कहा कि संगठन अपने समर्पित कार्यकर्ताओं का हमेशा सम्मान करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं की वापसी से संगठन और मजबूत होगा तथा मजदूरों के हितों के लिए संगठन की गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय संगठन सचिव मृणाल कांत सिंह, केंद्रीय सचिव जी.पी. सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















