रांची: JPSC और JSSC में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग की।
चंपाई सोरेन ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता, संदिग्ध नियुक्तियों की जांच और पूरे मामले की CBI जांच की मांग को लेकर छात्रों को आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे छात्रों का संवैधानिक अधिकार बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों पर बातचीत करने के बजाय आंदोलनकारियों के खिलाफ FIR और लाठीचार्ज जैसी कार्रवाई की जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे लेकर जवाब मांगा।
चंपाई सोरेन ने कहा कि यदि सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है, तो पूरे मामले की CBI जांच कराने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की।
फिलहाल JPSC-JSSC को लेकर छात्रों का आंदोलन और इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है।
















