धनबाद: रणधीर वर्मा चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार को कनक रेखा ट्रस्ट ‘मां की रसोई’ की ओर से जरूरतमंदों के लिए खिचड़ी एवं खीर वितरण अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में धनबाद विधायक राज सिन्हा और कांग्रेस नेता वैभव सिन्हा शामिल हुए। दोनों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए सेवा कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर में अब हर शनिवार जरूरतमंदों के बीच भोजन का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट पहले से ही विभिन्न सामाजिक और जनसेवा गतिविधियों में सक्रिय है तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि सेवा गतिविधियों की इसी कड़ी में रविवार को रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट के सदस्यों ने लोगों से सामाजिक सेवा के ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में अध्यक्ष ललिता सिंह, सचिव श्यामसुंदर राय, रीता सिंह, बबीता सिंह, सुषमा प्रसाद, सरिता चौधरी, सुष्मिता राय, रोनित सिंह, अंजलि, आयुष, रणवीर, पिंकी गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
















