रांची: कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में कथित भगदड़ की घटना के बाद झारखंड पुलिस प्रशासन ने दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को पंडालों का सुरक्षा ऑडिट कराने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह के निर्देशों के अनुसार, हालिया बारिश के कारण पंडालों में लगाए गए बांस, रस्सियों, कीलों और नींव की मजबूती की जांच की जाएगी। मेलों में लगाए गए झूलों की सुरक्षा भी परखी जाएगी, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।
भीड़ नियंत्रण और निगरानी पर जोर
सभी पंडालों में भीड़ पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन की मदद लेने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ बढ़ने पर जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन किया जाएगा। लाउडस्पीकर के जरिए सुरक्षा संबंधी घोषणाएं भी की जाएंगी।
इसके अलावा, अग्निशमन विभाग, पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग से संबंधित सुरक्षा मानकों की जांच पर जोर दिया गया है। आपातकालीन सेवाओं के रास्तों को बाधामुक्त रखने और एंबुलेंस व दमकल वाहनों के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रवेश-निकास और पार्किंग की व्यवस्था
निर्देशों में पंडालों में क्षमता के अनुसार ही श्रद्धालुओं को प्रवेश देने, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग चौड़े रास्ते रखने तथा महिला पुलिस बल, क्यूआरटी और रिजर्व बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंडालों के आसपास 200 मीटर के दायरे में नो-पार्किंग व्यवस्था लागू करने का भी निर्देश दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा ऑडिट में मिली कमियों को तत्काल दूर करने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजने को कहा है।
















