रांची: हरमू स्थित इमली चौक के पास एक निर्माणाधीन भवन में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीराम लोहरा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
बताया गया कि मजदूर निर्माणाधीन भवन में ढलाई के काम में लगा था। इसी दौरान वह बिजली के संपर्क में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे।
मजदूर की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर इमली चौक के पास सड़क जाम कर दी। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद निर्माण स्थल से मकान मालिक और ठेकेदार के चले जाने की बात सामने आई है। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। लोग मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इधर, सड़क जाम की सूचना मिलने पर अरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने और सड़क जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल इमली चौक के पास जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
















