कतरास: विश्वकर्मा पूजा के दौरान कतरास नगर निगम के वार्ड नंबर-2 स्थित कैलूडीह खटाल में बड़ा हादसा टल गया। उमेश यादव के आवास के पास अचानक 11 हजार वोल्ट का बिजली तार एक ट्रैक्टर पर गिर गया। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से ट्रैक्टर में आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त आसपास मौजूद लोग बिजली की चपेट में आने से बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विधायक की पहल पर मिली आर्थिक सहायता
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता आनंद यादव मौके पर पहुंचे और मामले से बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो को अवगत कराया। इसके बाद विधायक ने BCCL के अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की पहल की।
बताया गया कि विधायक की पहल के बाद पीड़ित परिवार को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। सहायता मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
हाईटेंशन तारों की सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि उस समय कोई व्यक्ति तार की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में हाईटेंशन तारों की सुरक्षा और बिजली व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
















