लातेहार: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित मगध कोलियरी के चमातू इलाके में बुधवार देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है। घटना चमातू के 22 नंबर कांटा के पास हुई, जहां अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि गोलीबारी के दौरान अरुण उरांव नामक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे इलाज के लिए बालूमाथ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. संजय सिद्धार्थ ने उसका उपचार किया।
घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना पुलिस और अमरवाडीह पिकेट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल गोलीबारी के पीछे किस अपराधी या संगठन का हाथ है और घटना को किस मकसद से अंजाम दिया गया, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और घटना से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
















