धनबाद/बाघमारा। लोयाबाद क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी बिजली संकट के बीच ग्रामीणों को राहत मिली है। लोयाबाद 5 पिट हब स्टेशन के लिए 1000 केवी ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया है। सोमवार को हिन्द मजदूर सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह बिहार जनता खान मजदूर संघ के महामंत्री रणविजय सिंह ने फीता काटकर नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया।
बताया गया कि बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर लोयाबाद शाखा के अध्यक्ष विक्रम पासवान ने रणविजय सिंह को जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने संबंधित सीएमडी से बातचीत कर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की पहल की।
नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से लोयाबाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बिजली संकट के समाधान की दिशा में हुई पहल के लिए रणविजय सिंह का आभार जताया।
मौके पर लोयाबाद कोलियरी के एजेंट संजय नंदा, इंजीनियर तरुण कुमार सहित लोयाबाद शाखा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















