धनबाद के Putki स्थित मूनीडीह कोल वाशरी में हुए हादसे के बाद देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने नियोजन और मुआवजे की मांग को लेकर वाशरी गेट को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के कारण इलाके में आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही और माहौल काफी गर्म हो गया। सूचना मिलने पर प्रबंधन और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
स्थिति को देखते हुए देर रात मूनीडीह कोलयरी के महाप्रबंधक, स्थानीय प्रतिनिधियों और परिजनों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ।
समझौते के तहत मृतक के आश्रितों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा दो किश्तों में देने पर सहमति बनी। साथ ही आउटसोर्सिंग कंपनी में मृतक के एक परिजन को नौकरी देने का भी आश्वासन दिया गया।
समझौते के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिससे इलाके में स्थिति सामान्य होने लगी।
प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
















