धनबाद:
धनबाद में Bharat Coking Coal Limited की मुनीडीह कोल वाशरी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद मृतक मजदूरों के परिवारों को बड़ी राहत मिली है। स्लरी लोडिंग के दौरान हुए इस हादसे में चार मजदूरों की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया था।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन और यूनियन नेता शवों को वाशरी गेट पर रखकर मुआवजा और नौकरी की मांग पर अड़े रहे। देर रात से सुबह करीब 4 बजे तक चली लंबी वार्ता के बाद प्रबंधन, यूनियन और ग्रामीणों के बीच सहमति बनी।
मुआवजा और सहायता:
- प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹20-20 लाख मुआवजा
- ₹10 लाख 10 दिनों के भीतर, शेष ₹10 लाख 20 दिनों में
- दाह संस्कार के लिए अतिरिक्त ₹75,000
नौकरी और शिक्षा:
- प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्सिंग में नौकरी
- बच्चों की पढ़ाई के लिए DAV स्कूल में नामांकन और शैक्षणिक सहयोग
प्रबंधन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नई एसओपी (Standard Operating Procedure) तैयार करने का निर्णय लिया है।
हालांकि इस समझौते से पीड़ित परिवारों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन अब नजर इस बात पर टिकी है कि बीसीसीएल प्रबंधन अपने वादों को कितनी जल्दी जमीन पर उतारता है।
Follow the JP BHARAT LIVE channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029Vb7gTYlLtOj4hdQofo0E
















