पश्चिम मेदिनीपुर : पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बेलदा और दांतन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-16 (NH-16) पर एक ट्रक से 126 किलोग्राम प्रतिबंधित गांजा बरामद किया है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पुलिस पूरे ड्रग तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर बेलदा और दांतन थाना पुलिस ने श्यामपुरा इलाके में NH-16 पर संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक में वैध सामान के बीच बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखे गए चार बड़े बोरों से कुल 126 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान बेलदा के एसडीपीओ आनंद मंडल स्वयं मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी की।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ट्रक मुंबई से ओडिशा गया था, जहां वैध माल के साथ गांजा लोड किया गया। इसके बाद इसे कोलकाता ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की खेप किसके लिए भेजी जा रही थी।
गिरफ्तार चालक को जब्त गांजे के साथ मेदिनीपुर जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
















