धनबाद। युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को जीजीसीईटी सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल में ‘10 करोड़ नशा-मुक्त भारत संकल्प–मेगा अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को तंबाकू, शराब और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे का असर केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पढ़ाई, करियर, पारिवारिक जीवन और सामाजिक संबंध भी प्रभावित होते हैं।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से बीके बैशाखी, बीके मनीषा मंजरी, बीके सौगात भाई और बीके बी.एन. भाई ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति को नशे जैसी बुराइयों से बचाकर ही स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य इन्द्रनाथ सिन्हा ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों से अपने खाली समय का उपयोग पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में करने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा नशा-मुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
















