रांची: बुंडू स्थित पीपीके कॉलेज की एनसीसी यूनिट बंद किए जाने का मामला चर्चा में है। JLKM के उपाध्यक्ष और छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और यूनिट को दोबारा शुरू करने की मांग की।
देवेंद्रनाथ महतो के अनुसार, कॉलेज में पिछले 41 वर्षों से एनसीसी यूनिट संचालित थी, जिससे हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण इस वर्ष यूनिट बंद कर दी गई है। इससे बुंडू, तमाड़, सोनाहातू, सिल्ली और राहे क्षेत्र के ग्रामीण विद्यार्थियों के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने राज्यपाल से मामले की समीक्षा कर यूनिट बहाल कराने की अपील की। महतो के मुताबिक, राज्यपाल ने संबंधित विभाग और विश्वविद्यालय से बातचीत करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने मांग पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में चरणबद्ध आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।
















