धनबाद: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं जनता मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय बच्चा सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर बुधवार को सूर्यदेव नगर स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, अभिषेक सिंह, एकलव्य सिंह, परिवार के सदस्य, जनता मजदूर संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाग लिया। सभी ने स्वर्गीय बच्चा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन एवं जनसेवा को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि स्वर्गीय बच्चा सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन कोयलांचल और झरिया क्षेत्र के मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चा सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत झरिया से की और हमेशा श्रमिकों की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया। यही कारण है कि वे केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि मजदूरों के सच्चे हितैषी और लोकप्रिय नेता के रूप में पहचाने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चा सिंह ने विधायक के रूप में जनता की सेवा करने के साथ-साथ झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के मंत्रिमंडल में नगर विकास मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अपने कार्यकाल में उन्होंने जनहित और विकास को प्राथमिकता देते हुए कई उल्लेखनीय कार्य किए, जिन्हें आज भी लोग याद करते हैं।
सभा में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय बच्चा सिंह का सरल व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और मजदूर हितों के लिए उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने तथा मजदूरों के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
















