धनबाद: पूर्वी टुंडी प्रखंड के लटानी मोड़ पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का शुक्रवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने मां को सिंदूर अर्पित कर सुहाग और समृद्धि की कामना की। विदाई के समय श्रद्धालु भावुक नजर आए।
विसर्जन से पहले गाजे-बाजे के साथ गांव में परिक्रमा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद स्थानीय तालाब में प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की निगरानी में विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूजा समिति ने सहयोग के लिए स्थानीय प्रशासन का आभार जताया।
मौके पर समाजसेवी अजित मिश्रा, रफीक अंसारी, पूजा समिति अध्यक्ष महादेव कुमार सहित समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















