पूर्वी टुंडी (धनबाद) : धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत उकमा पंचायत के हातसारा गांव में मानसून की अच्छी बारिश के बाद खेती-किसानी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। लंबे इंतजार के बाद हुई झमाझम बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी भर गया है, जिससे किसानों ने धान की रोपनी का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है।
हातसारा गांव के खेतों में सुबह से ही किसान परिवारों की रौनक देखने को मिल रही है। पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिला किसान भी पारंपरिक लोकगीत गाते हुए धान के बिचड़े (रोपाई के पौधे) उखाड़ने और खेतों में रोपने के कार्य में जुटी हैं। खेतों में गूंजते लोकगीत और हरियाली से पूरा इलाका ग्रामीण संस्कृति और उत्साह से सराबोर नजर आ रहा है।
स्थानीय किसानों ने बताया कि इस वर्ष मानसून की शुरुआत अपेक्षाकृत देर से होने के कारण खेती को लेकर चिंता बढ़ गई थी। हालांकि अब लगातार हो रही बारिश ने किसानों की उम्मीदों को नई ऊर्जा दी है। खेतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने से धान की रोपनी सुचारु रूप से चल रही है और किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा, तो इस वर्ष धान की फसल बेहतर होने की संभावना है। फिलहाल उकमा पंचायत के अधिकांश गांवों में कृषि कार्य पूरे उत्साह के साथ जारी है और किसान समय पर रोपनी पूरी करने में जुटे हुए हैं।
















