धनबाद : धनबाद के बिनोद बिहारी चौक स्थित बरामुड़ी प्रधानमंत्री आवासीय परिसर में रविवार को सर्वेसरी आश्रम के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिसर को हराभरा, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना था। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान परिसर कोर कमेटी के अध्यक्ष विकास यादव ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि परिसर को सुंदर और हराभरा बनाने के लिए आगे भी विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।
सर्वेसरी आश्रम के प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्था समय-समय पर धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
पौधारोपण कार्यक्रम में सर्वेश्वरी समूह के चंद्रभूषण प्रसाद, रेणु सिंह, अशोक सिंह, भ्रमण सिंह, मदन सिंह, पप्पू सिंह, रंजीत कुमार सहित परिसर कोर कमेटी के विकास कुमार यादव, एस.एन. चौरसिया, गणेश सिंह, लोपा ठाकुर, संतोष झा, मंटू कुमार, छोटू राय, शशिकांत पांडे, दीपक सिंह, कृष्ण मोहन मिश्रा, कुंवर सिंह, मुरारी कुमार, आकाश कुमार, गौरव कुमार और रंजीत सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करने का संदेश दिया।
















