बलियापुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बलियापुर पहाड़पुर स्थित पर्जन्य बीएड कॉलेज में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तारा देवी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान कॉलेज परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तारा देवी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
समारोह में कॉलेज के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, सचिव तारा देवी, प्राचार्य डॉ. संजल बनर्जी, डॉ. निशि महतो, प्रशांत महतो सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।
















