रांची:संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए केंद्रीय हज कमेटी, मुंबई द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग योजना के तहत रविवार को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इस पहल के तहत राजधानी रांची भी परीक्षा केंद्रों में शामिल रही, जहां झारखंड हज कमेटी की देखरेख में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
झारखंड हज कमेटी के अधिकारियों की निगरानी में आयोजित इस परीक्षा में लगभग 20 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।
झारखंड हज कमेटी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) गुलाम समदानी ने बताया कि केंद्रीय हज कमेटी, मुंबई प्रत्येक वर्ष यूपीएससी की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करती है। इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है। किसी भी धर्म, जाति या समुदाय के पात्र छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल होकर निःशुल्क कोचिंग का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले 100 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें केंद्र सरकार के सहयोग से यूपीएससी की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को सिविल सेवा परीक्षा की बेहतर तैयारी का अवसर प्रदान करना है।
गुलाम समदानी ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की पहल से अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवा प्रशासनिक सेवाओं में अपना स्थान बना सकेंगे और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
















