रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड की ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। रुद्रप्रयाग जिले में 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 के दोनों छोर आपस में जुड़ गए हैं। सुरंग का 4.7 किलोमीटर हिस्सा सुमेरपुर की ओर से और 1.79 किलोमीटर हिस्सा मारोड़ा की ओर से बनाया गया है।
निर्माण के दौरान ढीली मिट्टी, पहाड़ी ढलान और भू-धंसाव जैसी कई चुनौतियां सामने आईं। इनसे निपटने के लिए आधुनिक तकनीक और विशेष सुरक्षा उपायों का इस्तेमाल किया गया। सुरंग की खुदाई में मल्टी-ड्रिफ्टिंग तकनीक अपनाई गई, जबकि ढलान को स्थिर रखने के लिए माइक्रोपाइल्स, रॉक बोल्ट और ग्राउटिंग जैसी तकनीकों का सहारा लिया गया।
निर्माण कार्य के दौरान आसपास की बस्तियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियंत्रित ब्लास्टिंग तय समय पर की गई। वहीं, सुरंग के अंदर हवा का प्रवाह और तापमान बनाए रखने के लिए वेंटिलेशन सिस्टम भी लगाया गया।
इस सुरंग के दोनों छोर जुड़ने से रेल परियोजना के निर्माण कार्य को गति मिलेगी। परियोजना पूरी होने पर उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में रेल संपर्क मजबूत होगा और तीर्थयात्रियों व पर्यटकों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।
















