धनबाद: सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय रोटी बैंक यूथ क्लब आगामी 22 अगस्त 2026 को अपना 9वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित करने जा रहा है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को आमंत्रित किया गया है।
इसी सिलसिले में रोटी बैंक यूथ क्लब के अध्यक्ष रवि शेखर, महुआ दत्ता, रवि सिंह और सरिता सिंह ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
राज्यपाल ने क्लब के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए कहा कि परिस्थितियां अनुकूल रहने पर वह समारोह में शामिल होकर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। राज्यपाल की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद क्लब के सदस्यों में उत्साह है।
रोटी बैंक यूथ क्लब ने कहा कि राज्यपाल का समर्थन और शुभकामनाएं सामाजिक कार्यों से जुड़े सदस्यों के लिए प्रोत्साहन का काम करेंगी। क्लब का कहना है कि इससे जरूरतमंदों की सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का उत्साह और मजबूत होगा।
क्लब के नीलकमल खवास ने बताया कि रोटी बैंक यूथ क्लब पिछले नौ वर्षों से जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों में लगातार योगदान दे रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर क्लब की अब तक की सामाजिक यात्रा, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं को भी साझा किया जाएगा।
राज्यपाल की संभावित उपस्थिति को लेकर रोटी बैंक यूथ क्लब परिवार ने खुशी जाहिर की है। क्लब की ओर से समारोह को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
















