धनबाद:रोटरी क्लब ऑफ धनबाद ने अपने 80वें स्थापना वर्ष एवं रोटरी वर्ष 2026-27 का शुभारंभ सेवा, स्वास्थ्य और जनजागरूकता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों के साथ किया। इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट (बिहार-झारखंड) की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 2026-27 अनु नारंग ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम के तहत रोटरी क्लब ऑफ धनबाद ने आईसीएआई, धनबाद के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। साथ ही आम लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, वजन, ईसीजी, स्पाइरोमेट्री (फेफड़ों की जांच) और बॉडी कंपोजिशन स्कैनिंग जैसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर चिकित्सकों तथा सीए डे के उपलक्ष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सामाजिक सेवा गतिविधियों के अंतर्गत अन्नपूर्णा कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरित किया गया। इसके अलावा दिव्यांगजनों को दो व्हीलचेयर प्रदान की गईं। लोगों को आपातकालीन स्थिति में जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी देने के लिए सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया तथा नेत्रदान जागरूकता अभियान के माध्यम से नेत्रदान के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के नए सत्र के पदाधिकारियों में कनव बाली ने अध्यक्ष, राघव आर्या ने सचिव तथा हरमनदीप चोपड़ा ने कोषाध्यक्ष का कार्यभार संभाला। सभी पदाधिकारियों ने समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए रोटरी की सेवा परंपरा को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्लब के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। रोटरी क्लब ऑफ धनबाद ने नए रोटरी वर्ष की शुरुआत समाजहित, सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ की।
















