सिंदरी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं स्थापना दिवस के अवसर पर सिंदरी के RMK-4 परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ भाजपा नेत्री तारा देवी तथा भाजपा धनबाद ग्रामीण जिला मंत्री डॉ. निशि महतो ने किया।
इस दौरान दोनों अतिथियों ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने ABVP द्वारा समाजहित में किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सेवा भावना को भी मजबूत करते हैं।
भाजपा नेत्री तारा देवी ने कहा कि “युवा सशक्त होंगे, तभी राष्ट्र मजबूत बनेगा।” उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं और विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना समय की आवश्यकता है।
वहीं, डॉ. निशि महतो ने भी स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी अत्यंत लाभदायक हैं। उन्होंने ABVP की समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में निभाई जा रही भूमिका की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि “स्वस्थ विद्यार्थी ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।” उन्होंने युवाओं से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। आयोजन के सफल संचालन में ABVP के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















