धनबाद: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मंडल कारा, धनबाद में जेल अदालत का आयोजन किया गया। झालसा के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को त्वरित न्याय दिलाने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का अवसर प्रदान करना रहा।
डालसा के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि जेल अदालत में विभिन्न न्यायालयों से कुल 9 मामले प्रस्तुत किए गए। इनमें 7 बंदियों ने अपना दोष स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें रिहा कर बेहतर जीवन की ओर बढ़ने का अवसर दिया गया।
जेल अदालत की प्रक्रिया में कारापाल दिनेश कुमार वर्मा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, डॉ. राजीव कुमार की निगरानी में मंडल कारा में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें 115 बंदियों की स्वास्थ्य जांच एवं इलाज किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एलएडीसीएस की टीम ने बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता के अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही उनके परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि विधिक सहायता का उद्देश्य बंदियों को उनके न्यायिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर भविष्य के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
















