धनबाद के टंडाबाड़ी क्षेत्र में हुए भीषण भूधंसान के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने सुरक्षा की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 अवैध एवं जर्जर आवासों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई बीसीसीएल एरिया-3 के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टंडाबाड़ी बस्ती में सोनारडीह ओपी पुलिस और सीआईएसएफ की मौजूदगी में की गई।
गौरतलब है कि 31 मार्च 2026 को टंडाबाड़ी में हुए भीषण भूधंसान में कई मकान जमीन में समा गए थे। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र को खाली कराकर प्रभावित परिवारों को बीसीसीएल द्वारा बेलगड़िया में पुनर्वासित किया गया था।
करीब तीन महीने बाद बीसीसीएल ने डेंजर जोन में स्थित चिन्हित 21 मकानों में से 16 अवैध एवं क्षतिग्रस्त आवासों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से पहले अधिकारियों ने माइकिंग कर लोगों को इसकी सूचना दी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
बीसीसीएल अधिकारियों के अनुसार, टंडाबाड़ी क्षेत्र में लगातार भूधंसान की घटनाओं को देखते हुए पूरे इलाके को अत्यंत संवेदनशील घोषित किया गया है। शेष प्रभावित परिवारों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अन्य खतरनाक मकानों को भी नियमानुसार हटाया जाएगा।
बीसीसीएल साउथ गोविंदपुर कोलियरी के प्रबंधक अभिषेक तिवारी ने बताया कि भूधंसान से प्रभावित सभी परिवारों को बेलगड़िया में स्थानांतरित किया जा चुका है। उन्हीं परिवारों के खाली और क्षतिग्रस्त आवासों को सुरक्षा कारणों से हटाया गया है। उन्होंने कहा कि पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा भी उपलब्ध कराया जाएगा।
फिलहाल टंडाबाड़ी बस्ती पूरी तरह खाली है और वहां कोई परिवार निवास नहीं कर रहा है। हालांकि जमीन, पुनर्वास और मुआवजे से जुड़े कार्यों के लिए लोग समय-समय पर क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। बीसीसीएल का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य डेंजर जोन को पूरी तरह सुरक्षित बनाना और भविष्य में किसी भी दुर्घटना की आशंका को कम करना है।
















