, ,

सरायकेला के आसंगी चेक डैम में दर्दनाक हादसा, नहाने गए दो किशोर डूबे; एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

JP Bharat Shareसरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के लिए डैम पहुंचे दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आरआईटी थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद…

JP Bharat Share

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के लिए डैम पहुंचे दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आरआईटी थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान गोताखोरों ने एक किशोर का शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान आदित्यपुर एस-टाइप निवासी लव कुमार के रूप में हुई है। वहीं दूसरे लापता किशोर की पहचान उत्सव कुमार (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर के कल्पनापुरी का रहने वाला बताया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और गोताखोरों की टीम डैम के गहरे हिस्सों में उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही दोनों किशोरों के परिजन आसंगी चेक डैम पहुंच गए। अपने बच्चों के साथ हुए हादसे की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे घटनास्थल पर मातम का माहौल छा गया। परिजन बार-बार यह सवाल उठाते रहे कि दोनों किशोर आखिर इतनी दूर आसंगी चेक डैम तक कैसे पहुंच गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए रेस्क्यू अभियान को जारी रखा। स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस की टीम लगातार डैम के गहरे पानी में दूसरे किशोर की तलाश कर रही है।

आरआईटी थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता लापता किशोर की खोज और राहत कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करना है। रेस्क्यू अभियान समाप्त होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों किशोर नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस ने लोगों से विशेष रूप से बरसात के मौसम में नदी, चेक डैम, तालाब और अन्य जलाशयों में नहाने से बचने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि बारिश के दिनों में जलाशयों का जलस्तर और गहराई अचानक बढ़ जाती है, जिससे इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports