कतरास: धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 5 में गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय के समीप पौधारोपण किया गया। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लकड़का बस्ती स्थित तालाब का निरीक्षण कर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की संभावनाओं का जायजा लिया।
अभियान में नगर निगम के अधिकारी, सफाई कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान वार्ड संख्या 1 की पार्षद मधुमाला, वार्ड संख्या 2 के पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी, वार्ड संख्या 4 के पार्षद छोटू सिंह, वार्ड संख्या 6 की पार्षद कल्पना महतो तथा वार्ड संख्या 8 के पार्षद रामेश्वर तुरी ने नगर आयुक्त और महापौर के समक्ष वार्ड संख्या 5 की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता जताई।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वार्ड की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं और जल निकासी समेत कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जिससे लोगों के आवागमन, रोजगार और दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम से सड़क, नाली और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने की मांग की।
वार्ड संख्या 5 की पार्षद निरुपमा देवी ने कहा कि उनके वार्ड में सड़क, जल निकासी और स्वच्छता जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वार्डवासियों को बेहतर सड़क, स्वच्छ वातावरण और सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। नगर निगम के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है और आने वाले समय में वार्ड की तस्वीर पूरी तरह बदलेगी।
पार्षद निरुपमा देवी ने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और प्रशासन के समन्वय से वार्ड संख्या 5 विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड के समग्र विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।
















