धनबाद: विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अवसर पर मंगलवार को धनबाद रेल मंडल में विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को प्लास्टिक के विकल्प के रूप में बांस से बने टूथब्रश, नीम की लकड़ी से बनी कंघियां तथा अन्य पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद उपलब्ध कराए गए।
रेलवे प्रशासन केंद्र सरकार की ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ (OSOP) योजना के माध्यम से इन उत्पादों को बढ़ावा दे रहा है। इस पहल का उद्देश्य स्टेशनों और ट्रेनों में प्लास्टिक कचरे को कम करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना है।
अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए इको-फ्रेंडली उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। यात्रियों को बताया गया कि दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को कम कर पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस पहल से न केवल प्लास्टिक प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही स्वदेशी और टिकाऊ उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत रेलवे लगातार यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और हरित पहल को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रहा है।
















