रांची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बुधवार को रांची समेत राज्य के कई जिलों में हुई झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के नौ जिलों— देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में 11 से 14 जून के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि गुरुवार से शनिवार तक संताल परगना के सभी जिलों के साथ-साथ बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, धनबाद, रांची, रामगढ़ और खूंटी में आंधी, गरज और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। राज्य के अन्य जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बुधवार को रांची के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली। शाम के समय तापमान जहां 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वहीं रात तक यह घटकर करीब 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। रांची का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि राज्य में लगातार तीन दिनों तक व्यापक बारिश होती है तो मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। इस बार भी संताल परगना क्षेत्र के रास्ते मानसून के झारखंड में प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत संताल परगना और अन्य जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
















