भागलपुर: भागलपुरवासियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। विक्रमशिला सेतु पर 8 जुलाई और 9 जुलाई की रात 10:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। यह निर्णय सेतु के तकनीकी निरीक्षण और सुरक्षा मूल्यांकन को लेकर लिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, स्थायी पुल निर्माण की प्रक्रिया के तहत IIT पटना की विशेषज्ञ टीम विक्रमशिला सेतु का विस्तृत निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा कारणों से पुल पर किसी भी वाहन के आवागमन की अनुमति नहीं होगी।
गौरतलब है कि 3 मई की रात विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) ने अस्थायी व्यवस्था के तहत बेली ब्रिज का निर्माण कराया। 7 जून से बेली ब्रिज के माध्यम से छोटे और चारपहिया वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया गया है, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही अब भी प्रतिबंधित है।
ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने लोगों से अपील की है कि 8 और 9 जुलाई की रात यात्रा की योजना बनाने से पहले इस सूचना का ध्यान रखें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
















