धनबाद : 99G Sports Badminton Excellence Academy द्वारा आयोजित होने वाले “99G नॉकआउट ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026” को लेकर रविवार को 99 ग्रुप कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता 22, 23 और 24 मई 2026 को मेमको मोड़ स्थित अकादमी परिसर में आयोजित की जाएगी।
आयोजकों ने कहा कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में झारखंड समेत कई राज्यों से खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। मुकाबले नॉकआउट फॉर्मेट में खेले जाएंगे और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
तीन वर्गों में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता को तीन प्रमुख वर्गों में विभाजित किया गया है—
- अंडर-19
- ओपन मेन
- मास्टर्स/वेटरंस (40+)
अंडर-19 वर्ग में पुरुष एवं महिला दोनों श्रेणियों में सिंगल्स और डबल्स मुकाबले होंगे। वहीं ओपन मेन वर्ग में सिंगल्स और डबल्स मैच आयोजित किए जाएंगे। मास्टर्स/वेटरंस वर्ग में पुरुष डबल्स मुकाबले खेले जाएंगे।
विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार
आयोजकों के अनुसार विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और टी-शर्ट प्रदान किए जाएंगे।
- अंडर-19 सिंगल्स विजेता – ₹5000
- अंडर-19 सिंगल्स उपविजेता – ₹3000
- अंडर-19 डबल्स विजेता टीम – ₹6000
- अंडर-19 डबल्स उपविजेता – ₹3500
- ओपन मेन सिंगल्स विजेता – ₹9000
- ओपन मेन डबल्स विजेता टीम – ₹11000
21 मई तक होगा रजिस्ट्रेशन
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 21 मई 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
“One Court, One Spirit, One Champion” थीम पर आधारित इस टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता धनबाद में बैडमिंटन संस्कृति को नई पहचान देने का काम करेगी।














