दुर्गापुर : पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर स्थित न्यू स्टील पार्क इलाके में सोमवार सुबह राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय एजेंसी की टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में मकान को सील कर विस्तृत तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे NIA की छह सदस्यीय टीम, जिसमें एक महिला अधिकारी भी शामिल थीं, दुर्गापुर पुलिस के सहयोग से न्यू स्टील पार्क पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के बाद टीम ने संदिग्ध के आवास की तलाशी शुरू की और जांच के मद्देनज़र मकान को सील कर दिया।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी गुलाम जामा उर्फ गुलाम राजा के घर पर की गई। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है और करीब तीन वर्ष पहले अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ दुर्गापुर आकर रहने लगा था।
हालांकि, NIA ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और फिलहाल किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती, क्योंकि इससे जांच प्रभावित हो सकती है।
केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जांच एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।
















