, ,

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने संघर्षशील खिलाड़ी उत्कर्ष मिश्रा के जज़्बे को किया सलाम

JP Bharat Shareधनबाद: मध्यप्रदेश के रीवा निवासी एवं स्पाइनल कॉर्ड इंजरी के बावजूद अपने अदम्य साहस, आत्मविश्वास और संघर्ष के बल पर नई पहचान बनाने वाले युवा खिलाड़ी उत्कर्ष मिश्रा ने मंगलवार को धनबाद स्थित सिंह मेंशन आवास पर झरिया विधायक रागिनी सिंह एवं धनबाद के मेयर संजीव सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान…

JP Bharat Share

धनबाद: मध्यप्रदेश के रीवा निवासी एवं स्पाइनल कॉर्ड इंजरी के बावजूद अपने अदम्य साहस, आत्मविश्वास और संघर्ष के बल पर नई पहचान बनाने वाले युवा खिलाड़ी उत्कर्ष मिश्रा ने मंगलवार को धनबाद स्थित सिंह मेंशन आवास पर झरिया विधायक रागिनी सिंह एवं धनबाद के मेयर संजीव सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने उत्कर्ष के संघर्षपूर्ण जीवन, उपलब्धियों और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान उत्कर्ष मिश्रा ने वर्ष 2015 में हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद अपने जीवन में आए कठिन दौर की जानकारी साझा की। दुर्घटना में स्पाइनल कॉर्ड इंजरी होने के कारण उनके सामने कई चुनौतियां खड़ी हो गई थीं, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार मानने के बजाय अपनी इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के दम पर जीवन को नई दिशा दी। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को जीवित रखा और आगे बढ़ने का संकल्प नहीं छोड़ा।

वर्तमान में उत्कर्ष मिश्रा राइफल शूटिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी पहचान बना चुके हैं और अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हुए हैं। उन्होंने अपनी शारीरिक चुनौती को कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाकर यह साबित किया है कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।

इस अवसर पर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि उत्कर्ष मिश्रा का संघर्ष, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना करने का उनका जज़्बा युवाओं सहित हर वर्ग के लोगों के लिए एक मिसाल है। विधायक ने उन्हें भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने भी उत्कर्ष मिश्रा के साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि मन में कुछ कर गुजरने का जुनून हो तो कोई भी चुनौती सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि ऐसे संघर्षशील व्यक्तित्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लाखों लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

मुलाकात के अंत में विधायक रागिनी सिंह एवं मेयर संजीव सिंह ने उत्कर्ष मिश्रा के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्कर्ष अपने संघर्ष और प्रतिभा के बल पर भविष्य में देश का नाम रोशन करेंगे।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports