धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के ओरिएंटेशन प्रोग्राम-2026 के तहत मंगलवार को नवप्रवेशित स्नातक (यूजी) छात्रों के लिए दो प्रेरक सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), नवाचार, उद्यमिता और संस्थान के विभिन्न टेक्नोलॉजी क्लबों की गतिविधियों से परिचित कराना था, ताकि वे शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल भी विकसित कर सकें।
पहले सत्र में युवा उद्यमी एवं आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र सुमाकेश मिश्रा ने छात्रों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, सकारात्मक मित्रता विकसित करने और संस्थान में उपलब्ध हर अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि विभिन्न छात्र क्लबों, तकनीकी गतिविधियों और नवाचार कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करें।
उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को सीखने का एक प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने के लिए करें, लेकिन अपनी मौलिक सोच, विश्लेषण क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी कहा कि एआई के इस दौर में मानवीय संबंध, आपसी विश्वास और सहयोग की भावना सबसे महत्वपूर्ण है। छात्रों को अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर नए अनुभव हासिल करने चाहिए, जिससे उनका आईआईटी जीवन यादगार और सफल बन सके।
दूसरे सत्र में आईआईटी (आईएसएम) के डीन (इनोवेशन एंड कॉरपोरेट रिलेशंस) प्रो. आलोक कुमार दास ने छात्रों को संस्थान के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र और विभिन्न टेक्नोलॉजी क्लबों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये क्लब छात्रों को वास्तविक समस्याओं पर काम करने, नई तकनीकों को समझने और अपने विचारों को उपयोगी उत्पादों एवं नवाचारों में बदलने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), एयरोस्पेस, प्रोडक्ट मैनेजमेंट और एंटरप्रेन्योरशिप जैसे क्षेत्रों में कार्यरत क्लबों की जानकारी देते हुए छात्रों से इन गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों को संदेश दिया गया कि आईआईटी (आईएसएम) धनबाद केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि नवाचार, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से उन्हें भविष्य के सक्षम वैज्ञानिक, इंजीनियर, उद्यमी और पेशेवर के रूप में तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
















