रांची: पीएम पोषण योजना की समीक्षा बैठक में विद्यालयों में संचालित मिड डे मील की गुणवत्ता, स्वच्छता और नियमित निगरानी को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए सप्ताह में दो दिन मिड डे मील में रागी लड्डू शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन मिल सके। साथ ही मिड डे मील व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कर किसी भी प्रकार की लापरवाही पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रत्येक विद्यालय में पोषण वाटिका विकसित करने, फलदार पौधों का रोपण कराने तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसका उद्देश्य बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करना, हरित वातावरण विकसित करना और विद्यालय स्तर पर पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देना है।
प्रशासन ने कहा कि पीएम पोषण योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य, पोषण स्तर और शैक्षणिक विकास को बेहतर बनाना है। इसी दिशा में लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
















